रायपुर एयरपोर्ट पर बुधवार 18 जून को एक हैरान करने वाली घटना हुई। दिल्ली से आई इंडिगो की फ्लाइट जब रायपुर पहुंची, तो लैंडिंग के बाद करीब आधे घंटे तक विमान का गेट नहीं खुला। इसी प्लेन में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी फंसे हुए थे। उनके साथ विधायक चातुरी नंद और रायपुर की मेयर मीनल चौबे भी थीं। सभी हैरान थे कि लैंडिंग के बाद गेट क्यों नहीं खुल रहा है। तब पता चला कि गेट में तकनीकी खराबी की वजह से प्लेन का गेट जाम हो गया था। रायपुर एयरपोर्ट पर प्लेन की लैंडिंग सुरक्षित हुई थी लेकिन करीब 30 मिनट तक गेट लॉक रहा। इसकी वजह से यात्रियों में बेचैनी का माहौल रहा।
केदारनाथ पैदल मार्ग पर फिर बड़ा हादसा, भूस्खलन की चपेट में आने से दो श्रद्धालुओं की मौत, तीन घायल
मेयर मीनल चौबे ने बताया कि लैंडिंग के बाद गेट न खुलने के कारण सभी यात्री असहज महसूस कर रहे थे। पिछले कुछ दिनों में प्लेन में आई तकनीकी खराबी के कारण पैसेंजर सहमे हुए थे। काफी मशक्कत के बाद एयरपोर्ट स्टाफ गेट खोलने में कामयाब हुए जिससे यात्रियों की जान में जान आई। करीब आधे घंटे के इस इंतजार में सभी पैसेंजर परेशान थे।
दिल्ली से रायपुर जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E-6312 का जब गेट खुला तो पूर्व सीएम भूपेश बघेल, विधायक, मेयर सहित सभी यात्री प्लेन से बाहर आ सके। वैसे अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि प्लेन के गेट में क्या खराबी थी। एयरलाइन कंपनी इस बात की जांच कर रही है।